स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपूर ने शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए देश में कोरोना के नए आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1958 नए मामले सामने आए और 50 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार अब देश में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 1 लाख 12 हज़ार 725 हो गई है जिनमें से 89 हज़ार 428 का इलाज करके उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। जहानपूर ने बताया कि अब देश में कोविड-19 के कारण मरने वालों की संख्या 6,783 हो गई है।
इस बीच दुनिया भर में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 43 लाख 35 हज़ार से ज़्यादा हो गई है। इनमें से 16 लाख से अधिक लोगों का सफल उपचार किया जा चुका है जबकि कम से कम 2 लाख 93 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के कारण सबसे बुरी स्थिति अमरीका की है जहां लगभग 14 लाख 8 हज़ार 636 लोग कोरोना से संक्रमित हैं और लगभग 83 हज़ार 425 लोग मर चुके हैं। इटली में 30 हज़ार 911, ब्रिटेन में 32 हज़ार 692, स्पेन में 26 हज़ार 920, फ़्रान्स में 26 हज़ार 991, बेल्जियम में 8,843, जर्मनी में 7755, ब्राज़ील में 12,461, हालैंड में 5510 और चीन में 4633 लोग कोरोना वायरस के कारण अपनी जान से हाथ धो चुके हैं।